मोहाली। जालंधर क्राइम इंवेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) और जीरकपुर पुलिस की ओर से मेट्रो टाउन सोसाइटी पीरमुछल्ला में 19 मई की रात दो बदमाशों से हुई मुठभेड़ के बाद 10 मई को जालंधर में की गई दो हत्या में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इसके दो दिन बाद बुधवार को सीआईए जालंधर ने दोनों बदमाशों को पनाह देने के आरोप में फ्लैट के मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है, और जालंधर ले गई है। मकान मालिक जिसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है, ने इन गिरफ्तार किए गए बदमाशों से जेल में मुलाकात की थी और बाद में उन्हें अपने फ्लैट में छिपने की अनुमति दी। मोहाली पुलिस के डीएसपी जसपिंदर सिंह ने पुष्टि की है कि स्थानीय पुलिस ने मकान मालिक की गिरफ्तारी में जालंधर सीआईए को पूरा सहयोग दिया।
जालंधर सीआईए के एक अधिकारी ने बताया कि मकान मालिक की पहचान रणजोत गिल उर्फ राजा के रूप में हुई है, जो श्री मुक्तसर साहिब का निवासी है और पीरमुछल्ला के एक फ्लैट में रह रहा था। इंस्पेक्टर सुरिंदर कंबोज ने बताया राजा पर पंजाब के विभिन्न थानों में कई एफआईआर दर्ज हैं। उसे दो हत्या आरोपियों आकाशदीप सिंह और गौरव कपिला को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें पीरमुछल्ला में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। राजा की इन दोनों से जेल में जान-पहचान हुई थी और बाद में उसने इन्हें शरण दी थी। अधिकारी ने आगे बताया कि राजा फिलहाल पुलिस रिमांड में है और पूछताछ के दौरान और भी खुलासों की उम्मीद है।