खरड़। जेटीपीएल सेक्टर-115 में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चेकिंग करते हुए पांच युवकों को हेरोइन और दो अवैध पिस्तौल समेत गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान जसदीप सिंह भुल्लर, निवासी विकास नगर पखोवाल रोड, लुधियाना, मनजीत सिंह निवासी गांव मियूदकलां जिला फतेहाबाद हरियाणा, पंकज निवासी जिला सिरसा, हरियाणा, अमन कुमार निवासी गांव मियूदकलां जिला फतेहाबाद और शिव कुमार निवासी ढिंगसरा जिला फतेहाबाद हरियाणा के रूप में हुई है।
इस दौरान देहात पुलिस के कप्तान मनप्रीत सिंह और डीएसपी सब डिवीजन खरड़-1 कर्ण सिंह संधू की देखरेख में एसएचओ अमरिंदर सिंह मुख्य अधिकारी थाना सदर खरड़ की ओर से 15 दिसंबर को जेटीपीएल सेक्टर-115 में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक डस्टर कार नंबर पीबी-10-डीएक्स-5756 को शक के आधार पर चेकिंग के लिए रोका, जो कि गांव खूनीमाजरा की ओर से आ रही थी। कार की तलाशी ली तो इसमें से एक लिफाफे में 30 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने पांचों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद पूछताछ में इनकी निशानदेही पर 17 दिसंबर को एक क्रूज कार नंबर एचआर-26-बीएम-6727 बरामद की गई, इसमें से दो अवैध पिस्तौल 0.32 बोर, 3 खाली मैगजीन और 35 कारतूस बरामद हुए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।