जीरकपुर। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह के पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान परमिंदर सिंह निवासी गांव नंगल छड़बड़ थाना बनूड़, अमृतपाल सिंह निवासी नंगल छड़बड़ थाना बनूड़, परमजीत सिंह निवासी मनौली सूरत थाना बनूड़, मुहम्मद नाजिम स्माल फ्लैट मलोया, फरमान खान स्माल फ्लैट मलोया चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक इन वाहन चोरों की उम्र 20 से 22 साल के बीच हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करते थे। सभी चोर आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। अलग अलग मामलों को सुलझाते हुए पुलिस ने इन चोरों से सात मोटरसाइकल बरामद किए हैं। पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है।
जीरकपुर थाने में शुक्रवार को की गई प्रेस कांफ्रेंस में एसपी देहाती रवजोत कौर ग्रेवाल, और डीएसपी और थाना प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ भी मौजूद थे। एसपी रवजोत कौर ग्रेवाल ने बताया कि 29 जून, 2021 को शेर सिंह निवासी खुशहाल एनक्लेव जीरकपुर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 28 जून को उसके भाई शमशेर सिंह ने काले रंग का अपना स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर सीएच 01 बीएस 8434 घर के बाहर खड़ा किया था, जो चोरी हो गया। शेर सिंह की शिकायत पर जीरकपुर पुलिस ने मुकदमा नंबर 383 आईपीसी की धारा 379 के तहत दर्ज किया था।
दूसरे मामले में महावीर सिंह निवासी गोबिंद विहार बलटाना की शिकायत पर मोटरसाइकिल चोरी का केस दर्ज किया गया था। वहीं 29 जून को डी-मार्ट शॉपिंग मॉल के बाहर एक दंपति की कार चोरी करने के प्रयास में केस दर्ज किया गया था। इसमें30 जून को ही आरोपी को पकड़ लिया गया था।
एसपी मोहाली ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से ओर भी मामले सुलझने की उम्मीद है।