मोहाली। शराब तस्करी में शामिल पांच आरोपियों को आबकारी विभाग और अमृतसर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दबोच लिया। इनके पास से ईएनए से भरे 200-200 लीटर के 7 ड्रम और एक इनोवा कार भी बरामद की है। थाना मजीठा जिला अमृतसर में पंजाब आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कंवलजीत सिंह (गोपी) निवासी रामपुरा उर्फ चेता कल्ला जिला अमृतसर, आकाशदीप सिंह निवासी रबानपुर जिला अमृतसर, हरजीत सिंह निवासी रामपुर पुलिस थाना चाटीविंड, मान सिंह निवासी गांव मेहरबानपुरा, पुलिस थाना जंडियाला गुरु और कुलदीप सिंह निवासी जागोआना कॉलोनी, माहल अमृतसर शामिल हैं। यह कार्रवाई पंजाब के आबकारी कमिश्नर रजत अग्रवाल के नेतृत्व अधीन और संयुक्त आबकारी कमिश्नर नरेश दुबे, एसएसपी (ग्रामीण) अमृतसर ध्रुव धहिया, एआईजी (आबकारी) एपीएस घुम्मण, डिप्टी आबकारी कमिश्नर जालंधर जोन जसपिंदर सिंह और सहायक कमिश्नर (आबकारी) रोपड़ रेंज विनोद पाहूजा की अगुवाई में हुई है। इसके साथ ही विभाग की ओर से जांच की जा रही है, जिसमें कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
आबकारी विभाग के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 20 दिन पहले हरियाणा से पंजाब में ईएनए की तस्करी के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। मोहाली आबकारी और एआईजी आबकारी टीम ने जांच शुरू की तो पता चला कि अमृतसर और तरनतारन से संबंधित कुछ लोग ईएनए की तस्करी में सक्रिय हैं। वह इसे अमृतसर और तरनतारन क्षेत्र में ले जा रहे हैं। आबकारी विभाग ने 18 नवंबर को पत्र लिखकर सीनियर पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी थी। इसके बाद आबकारी विभाग और अमृतसर पुलिस ने मिलकर इस दिशा में काम शुरू किया। कई बैठकों में रणनीति बनाकर आखिर 10 दिसंबर को तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा।