मोहाली। शहर के फेज-6 स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राज्य आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार को पहले सत्र का आगाज हो गया। इस दौरान संस्थान में एक समागम आयोजित किया गया। इसमें कॉलेज में एमबीबीएस के लिए दाखिला लेने वाले छात्र, उनके अभिभावक और फैकल्टी मौजूद रही। इस दौरान छात्रों को चरक शपथ (मेडिकल के छात्रों को दिलाई जाने वाली शपथ) दिलाई गई। साथ ही सभी छात्रों को नए सफर के लिए शुभकामनाएं दी गई।
जानकारी के मुताबिक हाल ही में नीट की परीक्षा पास करने वाले 68 मेडिकल छात्रों ने अपने अभिभावकों के साथ मोहाली मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लिया। इस मौके पर बतौर मुख्य मेहमान प्रिंसिपल सेक्रेटरी मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च आईएएस आलोक शेखर मौजूद रहे। वहीं, डायरेक्टर ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च डॉ. अवनीश कुमार ने एम्स, मोहाली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थान की प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. भवनीत भारती ने छात्रों का स्वागत किया। संस्थान की कोआर्डिनेटर शालिनी गुप्ता ने नेशनल मेडिकल कमीशन के दिशानिर्देशों के अनुसार मेडिकल छात्रों को चरक शपथ दिलाई। नए मेडिकल छात्रों के लिए व्हाइट कोट समारोह में मोहाली के फेज-6 में सीएमओ डॉ. विजय भगत, डॉ. एचएस चीमा और डॉ. नवदीप सैनी सहित सीनियर डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। वहीं, फिलहाल 100 सीटों में से अभी 68 सीटें ही भरी हैं। इनमें से 39 लड़कियां हैं और 28 लड़के। बाकी सीटों के लिए जैसे-जैसे कागजात आएंगे उन्हें दाखिला दिया जाएगा।