मार्कफेड का धान खुर्दबुर्द करने के आरोप में एक ब्रांच मैनेजर समेत दो लोगों को निलंबित किया गया है। खुर्दबुर्द किए धान की कीमत लगभग छह करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
मार्कफेड का धान झोकहरिहर स्थित एक शैलर में रखा हुआ था। मार्कफेड के डीएम विशाल गुप्ता ने बताया कि धान खुर्दबुर्द करने के आरोप में मार्कफेड के ब्रांच मैनेजर समेत दो मुलाजिमों को निलंबित किया गया है।
जानकारी के अनुसार मार्कफेड ने झोकहरिहर स्थित शैलर मालिक को 2012-13 का धान अलॉट किया था। इस धान की देखरेख की जिम्मेदारी ब्रांच मैनेजर की थी। विभाग को सूचना मिली की शैलर में पड़ा विभाग का धान गायब है तो उसकी चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान पता चला कि वहां से लगभग छह करोड़ रुपये का धान गायब है। इस पर विभाग के डीएम विशाल गुप्ता ने ब्रांच मैनेजर और एक अन्य मुलाजिम को निलंबित कर दिया। गुप्ता ने बताया कि इस मामले की शिकायत एसएसपी फिरोजपुर को दे दी गई है।
एसएसपी ने उक्त मामले की जांच एसपी (एच) को सौंपी है। पुलिस की जांच पूरी होने पर आरोपी शैलर मालिक समेत विभाग के आरोपी मुलाजिमों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।