लांडरां/बनूड़। गांव घडामा कला में श्री गुरु नानक मोदी खाना स्टोर में बीती रात शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। इससे स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार सिमरनजीत सिंह निवासी गांव घडामा कला ने बताया कि वह अपने गांव में श्री गुरु नानक देव मोदी खाना किराना स्टोर चलाता है। उसके मोदी खाने में लगभग 45 लाख रुपये का सामान था। बीती रात वह अपनी दुकान बंद करके अपने स्टोर के पास स्थित घर में सोने चला गया।
रात करीब 12:30 बजे उनकी दुकान के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। जब उन्होंने दुकान का शटर खोला तो देखा कि अंदर भयंकर आग लगी थी। उन्होंने इस घटना की सूचना गांव के गुरुद्वारा साहिब में दी। गांव के लोग इकट्ठा हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। गांव वालों ने राजपुरा स्थित फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। आखिरकार करीब 1:30 बजे फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाया।