जीरकपुर। क्षेत्र में सक्रिय महिला गिरोह का आतंक बढ़ता जा रहा है। देर रात बलटाना की मेन मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों में छह महिलाओं का एक समूह संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया है। सभी महिलाओं ने अपने चेहरे दुपट्टों से ढक रखे थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर जैसे ही कोई वाहन आता है, ये महिलाएं तुरंत दुकानों और दीवारों के किनारे छिप जाती हैं। कैमरे की दिशा में नजर पड़ते ही वे अपना सिर और चेहरा और अधिक ढंकने लगती हैं, जिससे उनकी पहचान न हो सके। यह वीडियो कुछ दिन पहले तड़के करीब 3:30 बजे का है। उस समय ये महिलाएं बाल्टन मेन मार्केट की संकरी गलियों में इधर-उधर घूमती नजर आईं। आशंका है कि यह गिरोह देर रात चोरी की वारदातों को अंजाम देता है और मौके से फरार हो जाता है।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने के बावजूद पुलिस की गश्त में कोई विशेष बढ़ोतरी नहीं की गई है। उनका आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही ऐसे गिरोह रात के अंधेरे में बेखौफ घूमते हैं और चोरी करके आसानी से निकल जाते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले फुटेज की जांच की जा रही है कि यह कौन लोग हैं। जल्दी इनका पता लगा लिया जाएगा। - गुरप्रीत सिंह
बलटाना, चौकी इंचार्ज जीरकपुर