खरड़। नगर परिषद की बैठक सोमवार को प्रधान अंजू चंद्र की अध्यक्षता में शुरू हुई लेकिन शुरुआत से ही माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हलका खरड़ और श्री चमकौर साहिब के विधायक बैठक में अनुपस्थित रहे, जिससे पार्षदों में नाराजगी देखने को मिली। विकास कार्यों में देरी और पुरानी बैठकों के एजेंडों को पारित न करने को लेकर पार्षदों ने बैठक में ही जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। बढ़ते विवाद को देखते हुए प्रधान अंजू चंद्र ने बैठक को रद्द करने का ऐलान कर दिया।
पार्षद वनीत जैन, मनप्रीत सिंह मन्नां, गोबिंदर सिंह चीमा समेत कई पार्षदों ने ईओ से तीखी नोकझोंक की। पार्षदों का आरोप था कि पिछली मीटिंगों में लिए गए फैसलों को आज तक पास नहीं किया गया। वहीं, कार्यकारी अधिकारी ने दावा किया कि 40 से अधिक काम पूरे हो चुके हैं और ठेकेदारों को भुगतान भी किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दो महीने के भीतर सभी विकास कार्य पूरे कर दिए जाएंगे।
पार्षद जसबीर सिंह राणा, रजवंत कौर और गुरजीत सिंह ने अपने-अपने वार्डों में अधूरे और खराब निर्माण कार्यों के उदाहरण बैठक में पेश किए। वहीं, परमजीत कौर ने अवैध निर्माण न रुकने पर नाराजगी जताई। कार्यवाही रजिस्टर में पहले से हस्ताक्षर करवाने को लेकर भी विवाद बढ़ा। पार्षद राम सरूप शर्मा ने कहा कि जब कॉलोनियों के नक्शे पास करते हैं तो वहां काम क्यों नहीं कर सकते हैं। पार्षद परमजीत कौर ने कहा कि अवैध निर्माण संबंधी शिकायत करने के बावजूद भी काम नहीं रोका गया, निर्माण कार्य लगातार जारी है।
प्रधान अंजू चंद्र ने हंगामे के बाद समूह पार्षदों की मांग पर मीटिंग रद्द कर दी। कहा कि अगली मीटिंग में सभी पार्षदों से विकास कार्यों का विवरण लेकर शामिल कर लिया जाएगा।
जब तुम्हारा कलेश खत्म होगा, तब मैं मीटिंग में आऊंगी- विधायक अनमोल गगनमान
नगर परिषद की रद्द की गई बैठक के दौरान एक और विवाद सामने आया, जब पार्षदों ने आरोप लगाया कि खरड़ हलके की विधायिका अनमोल गगनमान ने फोन पर बातचीत के दौरान उनके प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कार्यकारी अधिकारी द्वारा फोन मिलाने पर विधायिका ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “जब तुम्हारा कलेश खत्म होगा, तब मैं मीटिंग में आऊंगी।
खरड़ नप बनी करप्शन का अड्डा : कमल किशोर शर्मा
जिला कांग्रेस कमेटी प्रधान कमल किशोर शर्मा ने खरड़ नगर परीषद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीयत और नीति में भारी फर्क दिखाई दे रहा है। नगर परिषद पर मौजूदा समय में कथित तौर पर बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता। शर्मा ने आरोप लगाया कि सोमवार को जब प्रधान, पार्षद और विधायक सभी आप पार्टी से हैं, तब भी शहर में विकास कार्य ठप पड़े हैं।