जीरकपुर। सोही टाॅवर के पास किराये के मकान में रहने वाले एक परिवार और अन्य लोगों ने लापता किशोर के नहीं मिलने पर मंगलवार को कालका हाईवे पर विरोध जताकर बलटाना मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मुख्य मार्ग पर धरना देकर परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि शनिवार को 14 वर्षीय किशोर फर्नीचर मार्केट के पास से लापता हो गया था। पुलिस को शिकायत देने के बाद भी किशोर का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। जाम के कारण शाम को बलटाना मार्केट में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही बलटाना चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह और जीरकपुर थाना एसएचओ सतिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के समझाने के बाद परिजन नहीं माने। करीब दो घंटे बाद हालात बेकाबू होते देख डेराबस्सी से अतिरिक्त फोर्स मंगवानी पड़ी। इसके बाद पुलिस के समझाने के बाद परिजनों ने जाम खोला।
सोही टाॅवर के नजदीक किराये के मकान में परिजनों के साथ रहने वाला 14 वर्षीय रोशन शनिवार शाम से लापता हो गया। रात को घर नहीं लौटा तो परिजनों ने शिकायत दर्ज करवाई। बच्चे के पिता कल्लू राम को चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया था कि शाम के समय पांच बच्चे फर्नीचर मार्केट से फ्लाईओवर की तरफ आए। वे सीसीटीवी में दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद चार बच्चे वापस जाते नजर आ रहे हैं लेकिन पांचवां बच्चा रोशन ढकोली की तरफ जाता नजर आ रहा है। आगे सीसीटीवी बंद होने की वजह से वह नजर नहीं आ रहा है। पुलिस ने कहा था कि आसपास सभी सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गुरुद्वारा, मंदिर समेत सभी जगह उसकी तलाश की जा रही है। चौकी इंचार्ज के अनुसार बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल भी की जा चुकी है।
लापता बच्चे को आज वैन में देखकर हुआ हंगामा
लापता रोशन प्रवासी परिवार से संबंध रखता है। रोड जाम कर रहे परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि आज कुछ लोगों ने एक वैन देखी है। उसमें रोशन के साथ अन्य पांच बच्चे भी मौजूद थे। जब वे वैन का पता करते वह निकल गई। उन लोगों का आरोप है कि पांच अन्य बच्चे भी लापता हैं। पुलिस उनकी जांच कर रही है।
शनिवार से बच्चा लापता है। वह खुद घर से गया है। परिवार को वैन पर शक है कि कुछ बच्चे लेकर जा रहा है। यह अफवाह है लेकिन लापता बच्चे के परिजनों ने जो दो जगह बताई है, वहां की सीसीटीवी की जांच की जा रही है। - गुरप्रीत सिंह, चौकी इंचार्ज बलटाना