न्यू चंडीगढ़। होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र पंजाब ने मंगलवार को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) पंजाब के साथ अपना एमओयू फिर से रिन्यू किया। इसके तहत ईएसआईसी कार्ड धारकों को पहले की तरह कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती रहेगी। यह समझौता होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के निदेशक डॉक्टर आशीष गुलिया और ईएसआईसी के क्षेत्रीय निदेशक दीपक मलिक की मौजूदगी में हुआ। इस मौके पर कर्मचारी राज्य बीमा निगम की मेडिकल कमिश्नर डॉक्टर रचिता विश्वास, स्टेट मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजीव छाबड़ा और दोनों संस्थानों के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस साझेदारी का उद्देश्य ईएसआईसी योजना से जुड़े लोगों को बिना आर्थिक चिंता के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। समझौते के तहत अस्पताल में ईएसआईसी लाभार्थियों को ओपीडी, भर्ती उपचार, लैब जांच, इमरजेंसी सेवाएं, सर्जरी और अन्य चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अस्पताल और ईएसआईसी की यह साझेदारी पंजाब के हजारों मरीजों के लिए लाभदायक साबित हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान न्यू चंडीगढ़ स्थित कैंपस में 2,395 ईएसआईसी कार्ड धारकों ने कैशलेस इलाज का लाभ लिया, जबकि संगरूर कैंपस में 713 मरीजों का उपचार किया गया।
औसतन हर महीने करीब 250 लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। डॉ. आशीष गुलिया ने ईएसआईसी पंजाब का सहयोग जारी रखने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसी साझेदारियां समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे।