नगर काउंसिल ने अभियान चलाकर दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त कर लिया। इस कार्रवाई का दुकानदारों ने जमकर विरोध किया। इसके बावजूद नगर काउंसिल के कर्मचारियों ने ट्रॉली में भरकर सामान कार्यालय ले गए।
नगर काउंसिल के ईओ वरिंदर कुमार जैन ने बताया कि शहर में दुकानदार अवैध तरीके से सामान दुकानों के बाहर सजा देते हैं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। इस कारण वीरवार को नगर काउंसिल ने यह कार्रवाई की है। नगर काउंसिल मुलाजिम परमाराम की अनुवाई जब टीम बाजार में पहुंची तो दुकानदारों ने अपना सामान दुकानों में रखना शुरू कर दिया। इस दौरान टीम को जो सामान बरामदों में रखा मिला उसे जब्त करके नगर काउंसिल के कार्यालय ले गए। वहीं, नगर काउंसिल की कार्रवाई का व्यापार मंडल के प्रधान गुरचरन सिंह और पार्षद राजू थॅमन की अगवाई में दुकानदारों ने विरोध किया। उन्होंने नगर काउंसिल की इस कार्रवाई को धक्केशाही करार दिया।
उन्होंने कहा कि दुकानदारों से समझौता हुआ है कि नाले की ओर चार फुट और दूसरी तरफ तीन फुट जगह पर दुकानदार अपना सामान रख सकते हैं। दुकानदारों ने मांग की कि सामान रखने के लिए दुकानों के बाहर पीली पट्टी लगाई जाए। वहीं, नगर काउंसिल के ईओ वरिंदर कुमार जैन ने कहा कि दुकानों के आगे सड़क और तह सीमा के अनुसार जल्द ही पीली पट्टी लगाई जाएगी।