विधानसभा चुुनाव में मेयर कुलवंत सिंह मोहाली सीट से अकाली दल के उम्मीदवार नहीं होंगे। इसके साथ पंजाब के शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा मोहाली का राजनीतिक कार्य देखने के साथ-साथ मेयर और अकाली-भाजपा पार्षदों में मनभेद और मतभेद दूर करने ही जिम्मेदारी संभालेंगे। बिजली विभाग के रेस्ट हाउस में डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने अकाली-भाजपा पार्षदों के साथ बैठक करके यह जानकारी दी।
प्रबंधकीय कांप्लेक्स के उद्घाटन से पहले बादल ने नाराज अकाली-भाजपा पार्षदों के साथ मीटिंग करने पहुंचे थे। तय समय से करीब एक घंटे बाद शुरू हुई यह बैठक करीब 35 मिनट तक चली।
इसमें डिप्टी सीएम डैमेज कंट्रोल करने में पूरी तरह से सफल रहे। क्योंकि बैठक के बाद दोनों दलों के पार्षद न केवल संतुष्ट, बल्कि खुश नजर आए। दरअसल, यह बैठक सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का पद भाजपा की झोली में डालने और विकास कार्यों पर केंद्रित रही। इस बैठक में अधिकांश पार्षद पार्टी सिंबल लगाकर पहुंचे।
हालांकि बैठक का मसौदा मेयर बनाम अकाली-भाजपा पार्षदों में चल रही खींचतान और अंदरूनी कलह को शांत करना रहा।
जिक्रयोग है कि अपने आजाद दल के पार्षदों के साथ मेयर कुलवंत सिंह हाल ही में अकाली दल में शामिल हो चुके हैं। आजाद दल से पहले कुलवंत सिंह अकाली दल में थे। आजाद दल के पार्षदों के साथ अकाली दल में जाने की अटकलों के दौरान ही इन दोनों दलों के पार्षदों में नाराजगी झलकने लगी थी। माना जा रहा था कि दिग्गज नेता इस नाराजगी को कुलवंत सिंह की वापसी से पहले खत्म करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तब नाराजगी और बढ़ गई जब चंडीगढ़ में डिप्टी सीएम की मौजूदगी में मेयर कुलवंत सिंह और उनके दल के पार्षद अकाली दल में शामिल हुए और वहां दोनों दलों के पार्षद नदारद रहे। यह रार बढ़ती देख दिग्गज नेताओं ने मेयर और अकाली-भाजपा पार्षदों के बीच सुलह का मसौदा तैयार किया। इसकी कमान पंजाब के शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने संभाली।
दोनों दलों के पार्षदों की मांगें
-अकाली भाजपा के 23 पार्षदों में ही हलका इंचार्ज बने
-प्लानिंग कमेटी का चेयरमैन बने
-सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाया जाए
-अकाली भाजपा पार्षदों के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिले
भाजपा पार्षद अरुण शर्मा ने रखी यह पेशकश
भाजपा के पार्षद अरुण शर्मा ने डिप्टी सीएम के पास सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर गठबंधन के तहत भाजपा को देने की पेशकश की। वहीं, दोनों दलों के पार्षदों ने मोहाली के विकास का सेटअप बनाने की अपील की। इसलिए शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा मोहाली का राजनीतिक कार्य का जिम्मा सौंपा गया।
यह दो पार्षद नहीं पहुंचे
नगर निगम में अकाली दल के 17 और भाजपा के 6 पार्षद है। इनमें भाजपा के दो पार्षदों को छोड़कर सभी मौजूद रहे। दोनों दलों के 23 पार्षदों में सैबी आनंद गोवा में हैं, जबकि पार्षद हरदीप सिंह विदेश गए हुए हैं।