जीरकपुर में जीत के बाद उत्साहित कांग्रेस समर्थक।
- फोटो : PKL OFFICE
मोहाली। जिले की सात नगर काउंसिलों के चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस ने बाजी मारी है। सात काउंसिलों के 145 वार्डों में से कांग्रेस ने 85 सीटें जीतने में कामयाबी हासिल की है। पांच नगर काउंसिलों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है जबकि एक सीट पर समर्थन की जरूरत है। लगातार विरोध का सामना कर रही शिरोमणि अकाली दल 34 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बुधवार नौ बजे मतगणना शुरू हुई तो दस बजे तक रुझान के साथ ही प्रत्याशियों के जीतने का सिलसिला भी शुरू हो गया। दोपहर होते-होते मतगणना केंद्र ढोल से गूंजने लगे थे। विजेता प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना केंद्रों के बाहर ही नाचकर जश्न मनाने लगे। समर्थक विजेताओं को कंधे पर उठाकर आनंदित नजर आ रहे थे। शाम तक जश्न और विजेताओं को बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ था।
इसके अलावा पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी को जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी खरड़ नगर काउंसिल का एक ही वार्ड जीत पाई है। वहीं, किसानों आंदोलन का असर भाजपा पर भारी पड़ा है। पार्टी जीरकपुर, खरड़, कुराली, बनूड़, नयागांव, डेराबस्सी और लालड़ूू के 145 वार्डों में से केवल पांच सीट ही जीत पाई है। वहीं, इन चुनावों में आजाद उम्मीदवारों का भी बोलबाला रहा है। कांग्रेस और अकाली दल के बाद सबसे ज्यादा वार्डों में आजाद उम्मीदवारों की जीत हुई है। आजाद बीस सीटें जीतने में कामयाब रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस बार नगर काउंसिलों चुनावों में पहली बार अकाली दल और बीजेपी ने अलग-अलग होकर चुनाव लड़ा। इसके अलावा आप भी पहली बार नगर काउंसिल चुनाव मैदान में उतरी थी। सभी पार्टियां चुनाव चिह्न पर मैदान में थे। इस चुनाव को विधानसभा चुनाव-2022 का सेमी फाइनल माना जा रहा है।
कुराली और जीरकपुर में आप का नहीं खुला खाता
कुराली नगर काउंसिल के कुल 17 सीटों पर मतदान हुआ था। इनमें से नौ वार्डों पर कांग्रेस के उम्मीदवार जीते हैं। यहां आप खाता तक नहीं खोल पाई। यहां पर अब कांग्रेस काउंसिल प्रधान, उपप्रधान बनाएगी। बनूड़ नगर काउंसिल में भी कांग्रेस 13 में से 12 वार्ड जीतकर बहुमत में है। इसके उलट नयागांव नगर काउंसिल में अकाली दल का प्रदर्शन ठीक रहा है। नयागांव नगर काउंसिल के 21 वार्डों में से शिरोमणि अकाली दल ने दस सीटों पर जीत हासिल की है। लालडू में भी कांग्रेस का दबदबा है। यहां 12 सीटें जीतकर नगर काउंसिल में वर्चस्व रहेगा। इसके अलावा जीरकपुर में कांग्रेस ने एतिहासिक जीत हासिल की है। यहां 31 में से 23 वार्ड कांग्रेस ने जीते हैं। भाजपा और आप का यहां खाता भी नहीं खुल पाया। डेराबस्सी में 19 में से कांग्रेस ने 13 सीटें जीती हैं। इसके अलावा खरड़ में कांग्रेस ने दस सीटों पर जीत हासिल की है।
जीरकपुर, कुल सीटें-31
कांग्रेस -23
शिअद -08
खरड़, कुल सीटें-27
कांग्रेस-10
शिअद -08
आजाद-08
आप- 01
नयागांव, कुल सीटें-21
शिअद- 10
कांग्रेस-06
भाजपा-03
आजाद-02
डेराबस्सी कुल सीटें-19
कांग्रेस-13
शिअद-03
आजाद-02
भाजपा-01
कुराली, कुल सीटें-17
कांग्रेस -09
आजाद-05
शिअद-02
भाजपा-01
लालडू़, कुल सीटें-17
कांग्रेस-12
शिअद-02
आजाद-03
बनूड़, कुल वार्ड-13
कांग्रेस-12
शिअद-01
कुल सीटें
कांग्रेस 85
शिअद 34
भाजपा 05
आप 01
निर्दलीय 20