मोहाली। सेक्टर-88 स्थित पूरब अपार्टमेंट में 10वीं मंजिल पर एक बुुजुर्ग दंपती करीब पौने घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। इस दौरान न दोनों के फोन चल रहे थे और न ही वह किसी के साथ संपर्क कर पा रहे थे। इस दौरान वह लिफ्ट में काफी देर तक चिल्लाएं भी, लेकिन उनकी आवाज कोई भी नहीं सुन पा रहा था। आखिर में अचानक उनका फोन सोसाइटी के एक सदस्य को लग गया तो उन्होंने उसे इस मुसीबत में फंसने की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने लिफ्ट के पास इकट्ठे होकर किसी तरह उन्हें लिफ्ट से बाहर निकाला। इसके बाद लोग गमाडा पहुंचे, लेकिन सीनियर अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो पाई।
वहीं, इलाके के लोगों ने अब इस मामले में मुख्यमंत्री पंजाब चरणजीत सिंह चन्नी को शिकायत भेजकर इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रोजेक्ट की जांच होनी चाहिए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
इस संबंधी सेक्टर-88 स्थित पूरब अपार्टमेंट निवासी 66 वर्षीय बीके कौशल ने बताया कि वह बैंक से सेवानिवृत्त हैं। शुक्रवार सुबह वह और उनकी पत्नी सैर के लिए लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। इस दौरान अचानक झटके के साथ लिफ्ट बंद हो गई। उन्होंने बताया कि वह पहले की बीमार चल रहे हैं और उनको ब्लड प्रेशर की बीमारी भी है। ऐसे में दोनों पति-पत्नी काफी डर गए थे और उनकी सांसे अटकी रहीं। इस दौरान घबराहट में उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या करें। इसके बाद उन्होंने सोसाइटी के सदस्यों को फोन मिलाना शुरू किया, लेकिन लिफ्ट के अंदर से किसी को फोन तक नहीं लग रहा था। साथ ही उनका दम भी घुट रहा था। वह करीब आधे घंटे तक फोन मिलाते रहे। तभी अचानक सोसाइटी के एक सदस्य का फोन लगा तो उन्हें पूरी बात बताई। तो लोग पहुंचे और उन्हें किसी तरह लिफ्ट से बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि उन्होंने लाखों रुपये खर्च कर फ्लैट लिया था। सोचा था कि बुढ़ापे में अच्छा जीवन यहां पर बितेगा। लेकिन इस तरह की दिक्कत उठानी पड़ी। बता दें कि इस तरह का यह पहला मौका नहीं है जब लिफ्ट में इस तरह की खराबी आई है। इससे पहले भी ऐसी ही दिक्कत आ चुकी है। हाउसिंग विभाग की तत्कालीन सचिव विन्नी महाजन ने खुद इस समस्या को दूर करने के आदेश अधिकारियों को दिए थे, लेकिन हर बार लोग दिक्तत उठा रहे हैं और समस्या का हल नहीं हो रहा है।