पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) अब स्मार्ट राह पर निकल पड़ा है। विद्यार्थियों को तय समय से किताबें मुहैया करवाने व बस्तों के बोझ को कम करने के लिए पीएसईबी ने नई पहल की है। पहली से लेकर दसवीं तक सभी विषयों की ई-बुक्स तैयार कर दी हैं। इन्हें बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने भी विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप पंजाब एजूकेयर नाम से तैयार किया है। इसमें विद्यार्थियों को आकर्षक वीडियो और आडियो क्लिप के तरीके से सिखाने की कोशिश की जा रही है। यह एप विद्यार्थियों की सॉफ्ट स्किल निखारने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा गणित और विज्ञान के कठिन सवालों को एप पर आसानी से समझाया जाता है। दूसरी तरफ शिक्षा विभाग की टीम जल्द ही दिल्ली के स्कूलों का दौरा करेगी। उसके बाद स्कूलों में कई बदलाव होने के आसार हैं।
अप्रैल में नया सत्र शुरू होता है लेकिन हर बार दिक्कत आती है। अब सभी स्कूलों में लैब है। इसके अलावा घर में बच्चों के पास मोबाइल है। ऐसे में इन किताबों के चलन में आने के बाद किताबें स्कूलों में न पहुंचने वाली बात पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। इसके अलावा यदि छात्र किसी दूसरी जगह घूमने-फिरने के लिए जाते हैं तो उन्हें साथ में किताबें लेकर नहीं जाना पड़ेगा।
वेबसाइट पर कई विषयों की किताबें मुहैया करवाई हैं। ये किताबें छात्रों, उनके परिजनों व अध्यापकों के लिए हैं। इन्हें डाउनलोड कर आगे बेचना आदि कानूनी अपराध है। ऐसा करने पर कार्रवाई होगी। -प्रो. योगराज, चेयरमैन पीएसईबी