मोहाली। भले ही कोरोना काल में कारोबार से लेकर हर चीज पर असर पड़ा है, लेकिन पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम (पीएसआईईसी) की ओर से की गई संपत्ति की नीलामी पूरी तरह कामयाब रही है। पीएसआईसी ने ई-नीलामी में रखी पांचों साइट बेचकर 265 करोड़ रुपये कमाए हैं।
इतना ही नहीं औद्योगिक क्षेत्र फेज-आठ ए सीपी-चार 81 करोड़ में नीलाम हुई है, जबकि उक्त साइट का आरक्षित मूल्य 28 करोड़ था। इस नीलामी के नतीजों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी माह में गमाडा की होने वाली 50 साइटों की नीलामी को भी बढ़िया प्रतिक्रिया मिलेगी।
पीएसआईईसी की ओर से नीलामी प्रक्रिया 19 मार्च से शुरू की गई थी, जो इस बुधवार तक चली। नीलामी में औद्योगिक क्षेत्र फेज-आठ ए की तीन साइटों और नौ की दो साइटों को शामिल किया था। इस दौरान फेज-आठ ए की एक 1.98 एकड़ की साइट 58.5 करोड़ में बिकी, जबकि इसका आरक्षित मूल्य 28 करोड़ था। इसी तरह एक सीपी-दो सामान एरिया वाली साइट 69.61 करोड़ में बिकी। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-नौ 1.35 एकड़ की 26 करोड़ आरक्षित मूल्य वाली साइट 29 करोड़ में बिकी। इसी तरह 1.15 एकड़ की साइट 26 करोड़ में बिकी, जिसका आरक्षित मूल्य 22 करोड़ रखा गया था।
फरवरी में गमाडा ने कमाए थे 544 करोड़
नीलामी की कामयाबी पर पीएसआईईसी मैनेजमेंट काफी उत्साहित है। इसे रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारी अच्छा संकेत मान रहे हैं। रियल एस्टेट विशेषज्ञ दीपक सिंह का कहना है कि इस नीलामी से साफ हो गया कि समय कैसा भी हो, लोग लंबे समय को ध्यान में रखकर संपत्ति के निवेश को प्राथमिकता देते हैं। जिक्रयोग है कि गमाडा ने फरवरी माह में संपत्ति की नीलामी की थी। उस समय गमाडा 70 में से 31 साइट बेचने में कामयाब रहा था। इससे गमाडा ने 544 करोड़ रुपये कमाए थे।
शॉपिंग कांप्लेक्स व मल्टीप्लेक्स बनेंगे
पीएसआईईसी की तरफ से नीलाम की गई पांचों साइट की लोकेशन काफी अहम है। यहां पर शॉपिंग कांप्लेक्स व मल्टीप्लेक्स बनाए जाएंगे। इससे जहां शहर का विकास होगा, वहीं रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।