मोहाली। वीआईपी सिटी के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग पिछले चार दिन से सुलग रही है। इस कारण डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा नहीं डाला जा रहा। जिससे कूड़े के ढेर लग गए हैं। डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के पहाड़ में सुलगती आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए मिट्टी डाल कर पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, फिर भी डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के पहाड़ में सुलगती आग को शांत करना फायर ब्रिगेड के लिए भी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। फायर कर्मियों का कहना है कि डंपिंग ग्राउंड के ठेकेदार को पहले भी कई बार समय-समय पर मिट्टी डालने की हिदायत दी गई थी। उसके ऐसा न करने के कारण अब आग कूड़े के लगे पहाड़ के काफी भीतर तक सुलग रही है। जिस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। पिछले चार दिन से आग सुलगने के कारण शहर से रोजाना पहुंचने वाले कूड़े के ढेर डंपिंग ग्राउंड के आसपास लग गए हैं। आग सुलगने के कारण कूड़े के पहाड़ पर और कूड़ा नहीं डाला जा सकता। इससे आग भड़कने का खतरा है। सुलगती आग पर काबू पाने के लिए फायरकर्मी मिट्टी डाल कर उस पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं।
नगर निगम के एक्सईएन हरप्रीत सिंह ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। सुलगती आग को रोकने के लिए कूड़े़ के पहाड़ पर मिट्टी डालने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि डंपिंग ग्राउंड के पास जमा हो चुके कूड़े के निस्तारण का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर से रोजाना आने वाले कूड़े में पेड़ों से गिरे सूखे पत्तों की तादात काफी ज्यादा है।