खरड़। खानपुर टी प्वाइंट से बलौंगी तक यातायात के लिए बनाए गए फ्लाईओवर के नीचे क्रासिंग के लिए छोड़े गए रास्तों के कारण खरड़-चंडीगढ़, खरड़-रोपड़ और खरड़-लुधियाना हाईवे पर यातायात की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। जिसमें यहां पर रोजाना जाम की दिक्कत आ रही है और इससे लोगों को काफी समस्या उठानी पड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक खानपुर से लेकर बलौंगी तक एसडीएम कांप्लेक्स, बस स्टैंड टी प्वाइंट, थाना मोड़, पुरानी किला चुंगी, बांसा वाली चुंगी, मुंडी खरड़ पैट्रोल पंप, जस्सा टायर सर्विस के सामने, निज्जर चौक, केएफसी, ऐयरपोर्ट रोड, टीडीआई सिटी दाऊं और बलौंगी में यातायात के लिए हाईवे अथारिटी द्वारा फ्लाईओवर के नीचे रास्ते छोड़े गए हैं, जबकि दाऊं, देसूमाजरा, खरड़-रोपड़ हाईवे पर खानपुर के लिए आवाजाही करने के लिए कोई रास्ता नहीं छोड़ा गया। इस कारण गांव खानपुर के निवासियों को रोपड़ से चंडीगढ़ हाईवे पर चढ़ने के लिए दवा फैक्ट्री के पास स्थित रास्ते से हाईवे पर चढ़ना पड़ता है। जबकि कुराली की ओर से आने वाले यातायात को लुधियाना हाईवे पर जाने के लिए एसडीएम कांप्लेक्स के सामने बने रास्ते से गुजरना पड़ता है। इस रास्ते पर हर समय यातायात जाम जैसी स्थिति बनीं रहती है क्योंकि जब बड़ी बसें और बड़ी ट्रालियां मोड़ काटती हैं तो सड़क के दोनों ओर जाम लग जाता है।
इसी तरह का हाल गांव देसूमाजरा के पास खरड़-चंडीगढ़ हाईवे के दोनों ओर चढ़ने के लिए बनाई गई स्लिप सड़कों पर है। गांव खानपुर और दाऊं के निवासी पहले ही यह मांग कर रहे हैं कि उनके गांवों को आने जाने के लिए रास्ता छोड़ा जाए। गांव खानपुर को खरड़-लुधियाना हाईवे पर संघर्ष के बाद हाईवे अथारिटी द्वारा यहां एक पुल बनाकर रास्ता छोड़ा जा रहा है, लेकिन खरड़-रोपड़ हाईवे पर समस्या बरकरार है। बार एसोसिएशन खरड़ के पूर्व प्रधान केके शर्मा, हरजीत सिंह खानपुर, कुलवंत सिंह, परमप्रीत सिंह खानपुर, पार्षद वनीत जैन, पार्षद गोबिंदर सिंह चीमा, पंकज चड्ढा और रणजीत सिंह हंस आदि ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी से मांग की है कि गांववासियों की समस्या को देखते हुए उक्त गांवों को जरूरत के अनुसार हाईवे से रास्ता दिया जाए।