डेराबस्सी। गांव इस्सापुर सड़क पर रेलवे फाटक के पास स्थित राम मंदिर में रविवार की रात बारात में केटरिंग का काम करने वाले दो सिख भाईयों के साथ झगड़ा हो गया। इस झगड़े में दोनों भाई घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बारातियों ने शराब के नशे में उनके साथ मारपीट कर उनकी पगड़ियां उतारकर बेअदबी की है। इस मामले को लेकर सिख भाईचारे में भारी रोष है। जख्मी युवकों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पंजाब कैटरर्स के मालिक हरपाल सिंह पुत्र हरदीप सिंह निवासी डेराबस्सी ने बताया कि रविवार की रात राम मंदिर में गांव भांखरपुर के परिवार की लड़की की बारात यमुनानगर से आई थी। लड़की वालों ने उनको केटरिंग का काम दिया हुआ था और बाराती खाना खाने में देरी कर रहे थे। जबकि कोरोना की वजह से उनको देर रात तक समागम की मंजूरी नहीं मिली हुई थी। रात को करीब एक बजे तक जब उन्होंने ज्यादा देर होने की बात कहते हुए खाना खाने को कहा तो यहां मौजूद एक फोटोग्राफर ने उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। हरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि वह दोनों भाई सिख हैं और फोटोग्राफर ने बारातियों से मिलकर उनके साथ मारपीट कर उनकी पगड़ी भी उतारी। हरपाल ने बताया कि लड़की वालों ने बारातियों को बहुत समझाया लेकिन नशे में 10-12 बारातियों ने मारपीट की और फरार हो गए। एएसआई गुलशन कुमार ने बताया कि जख्मी हरपाल सिंह की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें सिख भाईचारे से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिया कि जल्द कार्रवाई की जाएगी।