जीरकपुर। जीरकपुर-पटियाला हाईवे के हाईग्राउंड रोड पर मंगलवार शाम शराब के नशे में धुत कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि घायल ने हेलमेट पहना हुआ था। घायल को अस्पताल में दाखिल करवाकर मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
दयालपुरा के रहने वाले हरिंदर सिंह ने बताया कि वह कोका कोला कंपनी में कार्यरत है और मंगलवार को छुट्टी करके घर लौट रहा था कि जब वह हाईग्राउंड रोड पर पहुंचा तो त्रिशला सिटी सोसाइटी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक कार को जीरकपुर-पटियाला हाईवे की तरफ भगा ले गया। पीछा करते हुए लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। लेकिन आरोपी लोगों को चकमा देकर वहां से भाग निकला। हरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की कार को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।