जीरकपुर। एकदम से आसमानी बिजली चमकी तो इसके साथ ही लोगों के घरों की बिजली गुल... जी हां, यह है जीरकपुर।
यहां बिजली के कट लगना आम हो गया है। शिकायत केंद्र पर पूछिए तो कभी फाल्ट बताया जाता है तो कभी मेंटेनेंस वर्क। समस्या यह नहीं है कि बिजली नहीं आ रही है, समस्या है कि 41 डिग्री के तापमान में पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान भी विभाग की ओर से बिजली सप्लाई सुचारू नहीं की जा रही है, क्योंकि यह मौसम आम आम नहीं है। इस गर्मी के मौसम में ही तो सबसे ज्यादा जरूरत बिजली की होती है। बेशक जीरकपुर में 24 घंटे बिजली की सप्लाई देने के लिए लाखों रुपये खर्च कर दिए गए हैं पर अब तक नतीजा यहीं है कि यहां ज्यादातर बिजली रहती ही है गुल।
शहर में लगातार बिजली कट लगने के कारण यहां के निवासियों की मुसीबत बढ़ने लगी हैं। चाहे शहर का क्षेत्र बलटाना हो या फिर हरमिलाप नगर या फिर अमोलक एनक्लेव। जी हां, हालात सभी जगह एक जैसे हीहैं, कि ज्यादातर समय बिजली गुल ही रहती है। पावरकॉम की ओर से लगाए जा रहे बिजली कट से लगता है कि विभाग को न तो भीषण गर्मी का अंदाजा है और न ही बच्चों और बुजुर्गों को होने वाली परेशानी का। इसके साथ ही बाजार में बिजली से होने वाले काम भी ठप हो जाते हैं। जीरकपुर के पीर मुछल्ला, वीआईपी रोड, ढकौली के साथ अन्य इलाकों में बिजली कट से लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
अगर पावरकॉम के अधिकारियों से बात करते हैं कि लगातार लग रहे बिजली कट से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो उनका एक ही रटा-रटाया जवाब होता है कि कहीं फाल्ट आ गया है उसे ठीक करवाते हैं, या फिर कहा जाता है कि मेंटेनेंस का काम चल रहा है। कई बार बताया जाता है कि ढकौली में फाल्ट आ गया है तो कभी पभात एरिया में मेंटेनेंस का काम चल रहा है।
इस भीषण गर्मी के मौसम में पावरकॉम की ओर से की जा रही मेंटेनेंस की वजह से लगातार पिछले 10-12 दिन से बिजली कट लगाए जा रहे हैं।
गत सोमवार शाम को फिर फाल्ट की वजह से लगे बिजली कट में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे जीरकपुर के एक लाख लोग प्रभावित हुए और करीब तीन घंटे तक जीरकपुर में अंधेरा छाया रहा। नतीजा यह हुआ कि कोई गर्मी से बेहाल सड़क पर निकल आया तो कोई अपनी छत पर घूमता रहा। जीरकपुर में सोमवार को ढकौली में फाल्ट होने के कारण जनता बेहाल हो गई। करीब 8 बजे से गुल बिजली के कारण स्थानीय लोग काफी ज्यादा परेशान हो गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि बिजली विभाग को मेंटेनेंस वर्क करने भी हैं तो उनको गर्मी आने के पहले कर लेने चाहिए थे। गर्मी के मौसम में लगातार कट और फाल्ट होने ही नहीं चाहिए। शायद इससे पहले पावरकॉम पूरी नींद में सोता रहता है और गर्मियां शुरू होते ही नींद खुल जाती है और मेंटेनेंस का काम शुरू करके बिजली कट लगाकर फिर लोगों की नींद हराम करता है।
यह एरिया रहे प्रभावित
जीरकपुर में ढकौला, ढकौली (इस एरिया की एक दर्जन से ज्यादा कॉलोनियां और अपार्टमेंट्स), पीरमुच्छला, हरमिलाप नगर, ग्रीन सिटी, ममता एनक्लेव, वधावा नगर, बलटाना, नगला रोड, बाजीगर बस्ती, बिशनपुरा, गाजीपुर, के एरिया सनौली में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पावरकॉम के एक अधिकारी का कहना है कि फाल्ट होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई। इसको जल्द ठीक किया जा रहा है।