मोहाली/खरड़। सेक्टर-125 के न्यू सन्नी एनक्लेव में तीन दिन से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। करीब दो सौ परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जेवीटी के सामने लगी मुख्य मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। लोगों को पानी के टैंकर मंगवाकर गुजारा करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर लोगों में इलाके को विकसित करने वाले बाजवा डेवलपर के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। यहां के लोगों का आरोप है कि वे नियमित रूप से पानी के बिलों का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
स्थानीय निवासी अमृतपाल सिंह ने बताया कि हर माह बिल लिया जाता है, लेकिन मोटर की मरम्मत तक नहीं करवाई जा रही है। इससे लोगों में नाराजगी है। पार्षद हरिंदरपाल जोली ने भी इस मामले पर चिंता प्रकट कर कहा है कि बिल्डर के कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे। इससे समस्या और गंभीर हो गई है। लोग मजबूरन पानी के टैंकर मंगवाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं, लेकिन यह अस्थायी समाधान है। आरडब्ल्यूए प्रधान पवितर पाल सिंह बराड़, राम किशन कटारिया, राजीव शर्मा और हरप्रीत सिंह ने कहा कि इलाके में विधायक अनमोल गगन मान समेत कई अधिकारी रहते हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने बताया कि यह समस्या 10-12 वर्ष से चली आ रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी हल नहीं निकला है।