डेराबस्सी। शहर में हुई मामूली बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों और ड्रेनेज प्रबंधों के बावजूद कई प्रमुख सड़कें और गलियां पानी से भर गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरवाला रोड पर जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क पर कई स्थानों पर पानी जमा हो गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं, भगत सिंह नगर की एक गली पूरी तरह जलमग्न नजर आई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरवाला रोड के पुनर्निर्माण का कार्य करीब दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।
अकाली मार्केट और एसडीएम कार्यालय जाने वाले मार्ग पर भी जलभराव देखने को मिला। यहां पानी निकासी के लिए टाइलें बिछाने और नई पाइपलाइन डालने पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन बारिश के बाद व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हुई।
लोगों की प्रमुख मांगें
जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थायी समाधान किया जाए
ड्रेनेज सिस्टम का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्मूल्यांकन हो
अधूरे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए
बरसात से पहले जल निकासी प्रबंधों की विशेष समीक्षा की जाए
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी सुनिश्चित की जाए।