जीरकपुर। बलटाना में बरसाती पानी की निकासी के लिए डाली जा रही पाइपलाइन का उद्घाटन परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने किया। इस काम के लिए नगर परिषद ने दो करोड़ के बजट को मंजूरी दी है।
काम के पहले चरण की शुरुआत वीरवार को की गई। बता दें कि बलटाना में सबसे बड़ी समस्या बरसाती पानी की निकासी न होना है। बारिश के दिनों में पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। इसकी वजह से लोगों को परेशान होना पड़ता है।
वार्ड-7 में करवाया कार्यक्रम
वीरवार को नगर परिषद की ओर से वार्ड-7 में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने विशेष तौर पर शिरकत की। इस दौरान ढिल्लों ने रिबन काटकर परियोजना की शुरुआत की। ढिल्लों ने बताया कि गोल्डन एस्टेट कॉलोनी में हजारों की संख्या में लोग रहते हैं। लोगों की लगातार मिलने वाली शिकायतों के आधार पर पाइपलाइन बिछाने का फैसला लिया गया है। करीब 1 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन पर करीब 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
दूसरे चरण पर खर्च होंगे 1.28 करोड़
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने बताया कि बलटाना में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बरसाती पानी की पाइपलाइन बिछाई जानी हैं। दूसरे चरण में प्रीत कॉलोनी से सेक्टर-19 पंचकूला तक पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस चरण में 1.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस मौके पर पार्षद हरजीत सिंह मिंटा, शिवानी गोयल, सुनीता जैन, कांग्रेसी नेता प्रताप सिंह राणा, ऋषि कुमार, अनिल जैन, मोहम्मद चांद, बुद्धिराम धीमान, परमजीत सिंह, पम्मी धीमान, प्रवीन मित्तल, दीपक धीमान और संदीप धीमान आदि उपस्थित रहे।