मोहाली। पीसीएल लाइट से ओल्ड अमरटैक्स चौक तक जाने वाली सड़क के दोनों तरफ आवाजाही शुरू होने के लिए अभी लोगों को और इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि अभी तक सड़क के लेवलिंग का काम चल रहा है। इसके बाद प्रीमिक्स डालने की प्रक्रिया होगी।
दूसरी तरफ रिहायशी एरिया में फेज-पांच मंदिर से लेकर बूथ मार्केट तक के कुछ एरिया पर प्रीमिक्स डाला गया है जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है। हालांकि शेष सड़क की हालत भी खराब है। लोगों ने मांग की है कि इस सड़क को पहल के आधार पर सुधारा जाए ताकि जनता को दिक्कत न उठानी पड़े।
निगम ने इलाके में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए फेज-एक से फेज-11 तक करीब तीस महीने पहले काम शुरू किया था। इस दौरान बलौंगी से फेज-11 जाने वाली सड़क में अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस वजह से उक्त सड़क पर आवाजाही पूरी तरह रुक गई थी। वहीं कोरोना, बरसात, विधानसभा चुनाव समेत कई कारणों से काम बीच में लटकता रहा। अब सड़क का काम पीसीएल चौक तक पूरा कर लिया गया है जबकि अगले हिस्से का काम चल रहा है। इसमें सड़क की लेवलिंग से लेकर अन्य औपचारिकताएं हैं। जल्द ही इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
रिहायशी एरिया में फेज-पांच मंदिर व सामुदायिक केंद्र के सामने वाली सड़क के कुछ हिस्से में प्रीमिक्स डालकर जनता के लिए खोल दिया है। हालांकि मुख्य सड़क से मिलने वाले हिस्से का काम अभी अधूरा है। इस वजह से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। इलाके की पार्षद बलजीत कौर ने कहा कि उनके इलाके में विकास कार्य जोर-शोर से चल रहे हैं। उम्मीद है कि इससे इलाके के लोगों का फायदा होगा।
यह है सारा प्रोजेट
करीब तीन साल पहले 22 करोड़ रुपये की लागत से शहर की 40 साल पुरानी खस्ता हाल में चल रही सीवरेज लाइन बदलने का काम शुरू हुआ था। प्रोजेक्ट के तहत 9.9 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन लाइन फेज-1, 2, 3बी1, 3बी2 और 4 से लेकर 11 तक डाली जा रही है। प्रोजेक्ट में 24 इंच से 48 इंच मोटी पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत बाबा बंदा सिंह बहादुर न्यू बस टर्मिनल से सेक्टर-64, 65, 66 से 67 तक के चौक पर नया आउटफॉल सीवरेज डाला जाएगा।
तय समय में पूरा करें प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट का मैंने खुद मुआयाना किया है। तेज गति से काम चल रहा है। ठेकेदार को हिदायत दी गई है कि पहल के आधार पर प्रोजेक्ट पूरा करे। लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। काम की गुुणवत्ता पर भी पूरा ध्यान दिया जाए। -कुलजीत सिंह बेदी, डिप्टी मेयर, मोहाली