मोहाली। सेक्टर-67 में बढ़ती कुत्तों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल संस्था के प्रधान एनएस कलसी की अगुवाई में नगर निगम मोहाली के ज्वाइंट कमिश्नर नवदीप सिंह से मिला और उन्हें मांग पत्र सौंपा। एसोसिएशन के महासचिव सतीश कुमार बग्गा ने बताया कि सेक्टर में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे स्थानीय निवासी काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने कुत्तों के काटने की शिकायतें भी दी हैं। हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे हैं।
लोगों में डर का माहौल बना हुआ है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या अधिक चिंता का कारण बन रही है। प्रतिनिधिमंडल ने निगम अधिकारियों को बताया कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने मांग की कि कुत्तों को सेक्टर से हटाने और उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। ज्वाइंट कमिश्नर नवदीप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व पार्षद मनजीत कौर के पति बलबीर सिंह ट्रांसपोर्टर और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य चरण सिंह भी मौजूद रहे।