मोहाली। फेज-6 स्थित जिला सिविल अस्पताल में सोमवार को 15 से 18 साल के किशोरों के लिए टीकाकरण की मुहिम का आगाज हुआ। इस दौरान अस्पताल की ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर तरनजोत कौर ने खुद अपने बेटे देव बीर सिंह का टीकाकरण कर कोरोना से निपटने का संदेश दिया। इसके पीछे उनकी कोशिश यही थी कि किशोरों के परिजनों में जो टीकाकरण को लेकर जो शंकाएं हैं वह दूर हो जाएं। इस दौरान सभी डॉक्टर और सिविल सर्जन मौजूद रहीं। साथ ही डॉक्टर के प्रयास की प्रशंसा की।
सोमवार को सरकारी अस्पताल में किशोरों के टीकाकरण के लिए मेक शिफ्ट अस्पताल के एक कैबिन का इस्तेमाल किया गया। ठीक सुबह 10 बजे से टीकाकरण की शुरुआत की गई थी। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने बताया कि हमने किशोरों के लिए अलग से सेंटर बनाया है, ताकि कोई दिक्कत न आए। यहां किशोरों को सिर्फ को-वैक्सीन ही लगाई जा रही है।
यह है किशोरोें का कहना
थोडा सा डर लगा
कोरोना टीकाकरण करवाते हुए थोड़ा सा डर लगा था। मैं अपने पिता के साथ पहुंची थी। टीका लगवाने के बाद अब थोड़ा सा बाजू में दर्द हो रहा है। घर जाकर आराम करूंगी। हालांकि उत्साहित हूं कि मैने टीकाकरण करवा लिया है। - निषेल शौर्य, निवासी मोहाली।
अब पूरे परिवार को लग चुका टीका
मुझे बहुत खुशी है कि मैं टीकाकरण के लिए अस्पताल में आई हूं। मेरे परिवार में सभी ने टीकाकरण करवा लिया है, और मुझे छोड़कर सभी को दोनों टीके लग चुके हैं। बस मैं ही रहती थी, अब समय आने पर दूसरा टीका भी लगवा लूंगी। -दृष्टि, स्थानीय निवासी।