मोहाली। एक तरफ राज्य सरकार लोगों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए टीका लगवाने की अपील कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ जो लोग टीकाकरण के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए जा रहे हैं, उन्हें भी धक्के खाने पड़ रहे हैं। ऐसा ताजा मामला फेज-11 में सामने आया है। इस संबंधी मोहित ने बताया कि उन्होंने अपनी माता को जब वैक्सीन लगवाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया था तो उस समय जगतपुरा डिस्पेंसरी का ऑप्शन आ रहा था। जब वह शनिवार सुबह माता को टीका लगवाने के लिए 9 बजे डिस्पेंसरी में पहुंचे तो वहां पर ताला लगा हुआ था और वहां पर कोई मुलाजिम मौजूद नहीं था। इस दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने बताया कि गांव जगतपुरा की डिस्पेंसरी का पूरा स्टाफ बाकरपुर की डिस्पेंसरी में काम कर रहा है। इसलिए वहीं जाकर टीका लगवाएं। इसके बाद जब वह बाकरपुर पहुंचे और वहां डिस्पेंसरी के स्टाफ से बात की तो आगे से जवाब मिला कि पहले वह सरकार के भेजे गए मैसेज की फोटो कॉपी करवाकर डिस्पेंसरी में जमा करवाएं। उसके बाद ही टीका लगाया जाएगा। इस पर वह वहां से वापस आ गए उन्होंने मैसेज की फोटो कॉपी करवाई और वापस डिस्पेंसरी में पहुंचे तो वह अपनी माता को टीका लगवा पाए।
उन्होंने कहा कि अगर सेहत मंत्री के हलके में यह स्थिति बनी हुई है तो अन्य जिलों में स्थिति क्या होगी। इस बात से ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस सिस्टम में सुधार किया जाना चाहिए।