मोहाली। जिले में एक तरफ जहां कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली, वहीं टीकाकरण करवाने में भी लोग दिलचस्पी दिखाने लगे हैं। शनिवार को बारिश के बावजूद भी दस हजार से अधिक लोगों ने टीकाकरण करवाया है, जोकि अपने आप में एक अच्छी पहल है। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर का कहना है कि कोरोना से निपटने के लिए टीकाकरण जरूरी है। इसके बाद संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। टीकाकरण के बाद भी यदि कोई व्यक्ति संक्रमित होता है, तो उसमें कोरोना के गंभीर लक्षण नहीं होते हैं। साथ ही उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाने की जरूरत नहीं पड़ती है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को मोहाली जिले में सरकारी अस्पतालों के समेत विभिन्न एरिया में कोरोना टीकाकरण शिविर लगाए गए। इस संबंधी मंदिरों और गुरुद्वारों से अनाउंसमेंट करवाई गई, जिसका नतीजा यह हुआ कि काफी संख्या में लोग घरों से निकले। इस दौरान पंद्रह से 18 साल के 1261 किशोरों ने टीकाकरण करवाया। सेहत विभाग के माहिरों की माने तो टीकाकरण रफ्तार पकड़ रहा है। जब स्कूल खुल जाएंगे तो यह संख्या और बढ़ेगी। जिले में साठ हजार के करीब किशोर है, जिन्हें कि सेहत विभाग की तरफ से इस समय अवधि में कवर किया जाएगा। हालांकि इस दौरान कुल 10632 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें 5687 लोगों ने पहला व 4945 लोगों ने दूसरा टीका लगवाया। सिविल सर्जन ने लोगों ने लोगों को बताया कि टीकाकरण से डरने की जरूरत नहीं है। लोगों के अंदर से टीके का डर खत्म करने के लिए स्पेशल जागरूकता मुहिम चलाई जा रही है। उन्हें उम्मीद है कि इसके सार्थक नतीजे सामने आएंगे।