डेराबस्सी पुलिस ने शिविर लगाकर हल किए लोगों के आपसी विवाद
- तीन दिन में हल किए दर्जनों मामले, पति-पत्नी का झगड़ा निपटाकर दोनों को किया एक
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। पंजाब सरकार की ओर से आम लोगों की सुविधा के लिए पुलिस थानों में लंबित पड़ी और रोजाना आ रही शिकायतों के निपटारे के लिए तीन दिवसीय राहत शिविर का आयोजन किया गया। एसएसपी मोहाली के दिशानिर्देश और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह के नेतृत्व में लगाए गए इस राहत शिविर में कईं साल से लंबित पड़े मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि 35 दस्ती शिकायतें, 10 सामान्य शिकायतों सहित कुल 50 मामले मौके पर ही निपटाकर लोगों के आपसी मसले हल किए गए।
इस दौरान गांव कारकौर निवासी पति-पत्नी की आपस में हुए लड़ाई-झगड़े की शिकायत 2022 के शुरू में आई थी। दोनों का झगड़ा इतना बढ़ गया था कि दोनों एक दूसरे से दूर हो गए थे और परिवार बिखर गया था। राहत शिविर में दोनों में आपसी सुलह करवार झगड़े को निपटाकर घर भेजा गया। इसी तरह गांव सैदपुरा में खरीदी जमीन में 400 गज जगह कम मिलने पर जमीन बेचने वाले के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले को भी शिविर में निपटा दिया गया।
वहीं, गांव भगवास में कुछ रिश्तेदारों के जमीन को लेकर चल रहे आपसी विवाद के मामले में गुरदासपुर के सुरजीत सिंह की ओर से पैसे लेने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाने के आरोप में गांव तसिंबली के तीन व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया गया था। इस शिविर में दोनोें पक्षों का आपसी राजीनामा करवाकर मामला खत्म करवा दिया गया। इस तरह दोनों पक्षों का विवाद निपट गया।
पुलिस ने राहत शिविर में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा के लिए बैठने के प्रबंध के साथ चाय-पानी की भी व्यवस्था की हुई थी। इस राहत शिविर के आखिरी दिन डीएसपी डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की।
कैपशन-पुलिस स्टेशन में लगाए गए राहत कैंप का दृश्य।