डेराबस्सी। सिविल सर्जन डॉ. सगीता जैन और एक्टिंग एसएमओ डॉ. आशीष गर्ग के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने डेराबस्सी व मुबारकपुर क्षेत्र में डेंगू बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाया। नोडल अधिकारी डॉ. दीपिंदर कौर, एसआई रजिंदर सिंह और एंटी-डेंगू टीमों ने सरकारी–निजी स्कूलों, संस्थानों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को डेंगू रोकथाम के प्रति जागरूक किया।
डेंगू सर्वे के लिए विशेष टीमें बनाकर घर-घर जाकर पानी जमा होने वाले स्थान चेक किए गए। डॉ. कौर ने लोगों से घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने व जरूरत पड़ने पर काला तेल डालने की अपील की। फ्रिज की ट्रे, गमले, टायर व ड्रम सप्ताह में एक बार साफ करने पर जोर दिया।
उन्होंने पूरे बाजू के कपड़े पहनने, मच्छररोधी क्रीम व मच्छरदानी के उपयोग की सलाह दी। बुखार होने पर तुरंत सरकारी डिस्पेंसरी में जांच करवाने की अपील की गई। स्वास्थ्य कर्मी गुरदीप सिंह, कुलविंदर, रजिंदर सिंह, मेजर साहिब और ब्रीडिंग चेकर भी मौजूद रहे।