जीरकपुर। वीआईपी रोड पर स्थित निजी अस्पताल की ओर से लूट का एक मामला सामने आया है। अस्पताल ने एक डेंगू मरीज के दो दिन का बिल 40,000 रुपये बना दिया। वहीं, जब बिल की पूरी डिटेल मांगी तो बिल बदल दिया गया। व्यक्ति ने मामले की एसएमओ ढकोली, सिविल सर्जन मोहाली और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता अवतार सिंह निवासी गांव लोहगढ़ ने बताया कि 6 अक्तूबर को उसके पिता दलजीत सिंह (60) की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें सुबह 3 बजे वीआईपी रोड स्थित अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया। अस्पताल ने उस समय उनसे 5 हजार रुपये जमा करवाए। टेस्ट के बाद उसके पिता को डेंगू होने का पता चला। इसके बाद अस्पताल ने उसे 15 हजार रुपये और जमा करने के लिए कहा, जिस पर उसने शाम को 15 हजार रुपये जमा करवा दिए।
7 अक्तूबर को अस्पताल ने उनको बताया कि उनका अब तक का बिल 40 हजार रुपये बन चुका है व उनको और पैसे जमा करने के लिए कहा। जब उन्होंने अस्पताल से एमआरआई परीक्षणों की रिपोर्ट मांगी तो वे टालमटोल करने लगे। वहीं, अस्पताल के कर्मचारियों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। जब उनके पिता की हालत में सुधार हुआ तो उन्होंने छुट्टी करवा ली।
कोट्स...
हमें शिकायत मिली है। जांच के बाद बनती करवाई की जाएगी।
-पोमी चतरथ, एसएमओ, ढकोली