मोहाली। नगर निगम सफाई कर्मचारी एवं मजदूर यूनियन ने नगर निगम से मांग की है कि ठेकेदारी पर भर्ती किए गए सभी सफाई कर्मचारियों से केवल सफाई का ही कार्य लिया जाए। यूनियन के प्रधान अशोक कुमार, सीनियर उपप्रधान दया नंद, उपप्रधान दलविंदर सिंह, सचिव जीवन कुमार और चेयरमैन प्रवीन कुमार ने जारी बयान में कहा कि मोहाली शहर में कई ऐसे ठेके पर कर्मचारी हैं जिनकी नियुक्ति सफाईकर्मियों के रूप में हुई है, लेकिन उनसे सफाई का काम नहीं करवाया जा रहा।
यूनियन नेताओं ने कहा कि वर्तमान में जो करीब 40 फोरमैन फील्ड में कार्यरत हैं, वे भी मूल रूप से ठेके पर सफाई कर्मचारी के रूप में ही भर्ती हुए थे, लेकिन उनसे सफाई कार्य नहीं लिया जा रहा, जबकि उनसे भी सफाई का काम करवाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम में ठेके पर काम कर रहे सफाई सेवकों को 18 जनवरी 2022 को बिना किसी नोटिस के नौकरी से हटा दिया गया था। इसके खिलाफ कर्मचारियों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जहां माननीय अदालत ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाया। यूनियन ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम के कमिश्नर से मुलाकात कर 31 कर्मचारियों को जल्द ड्यूटी पर बहाल करने और सभी ठेके सफाई कर्मियों से सफाई कार्य लेने की मांग रखी गई है।