मोहाली। सोहाना गांव के निवासियों की स्वच्छ और उपचारित पेयजल की लंबे समय से चली आ रही मांग अभी भी अधूरी है। गत वर्ष मार्च 2024 में 55 लाख रुपये की लागत से तैयार योजना को मंजूरी मिल गई थी। इसके अनुसार सोहाना गांव को सेक्टर-77 में बने बूस्टर पंप से नहरी पानी की आपूर्ति की जानी थी। अभी तक न तो कोई पाइपलाइन बिछाई गई है, न ही गांव को बूस्टर से जोड़ा गया है। इस मामले को लेकर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने जल सप्लाई विभाग के एक्सईएन को मांग पत्र देकर गांव सोहाना को तुरंत इस बूस्टर पंप से जोड़ने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछाए जाने के कारण गांव के लोग मौजूदा समय में ट्यूबवेल के पानी पर निर्भर हैं, जिससे न केवल गर्मी के मौसम में पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है, बल्कि जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह कार्य शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए, जिससे ट्यूबवेल का उपयोग कम होगा, भूमिगत जल संसाधनों का संरक्षण होगा, पानी का दबाव बेहतर होगा और ऊपरी मंजिलों पर रहने वालों को पानी की कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण लोगों में निराशा और गुस्सा बढ़ रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन पहले ही पारित प्रस्ताव पर तुरंत कार्रवाई करते हुए इस कार्य को पूरा करेगा ताकि उनकी मूलभूत सुविधाओं का इंतजार खत्म हो सके।