मोहाली। शहर और आसपास के शहरों के बीच सिटी बस सेवा शुरू करने की लंबे समय से चली आ रही मांग एक बार फिर तेज हो गई है। कन्फेडरेशन ऑफ ग्रेटर मोहाली रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान के. के. सैनी ने पंजाब सरकार को पत्र भेजकर इन शहरों के बीच जल्द सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में मोहाली क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ी है। खरड़, जीरकपुर और डेराबस्सी जैसे शहरों में भी बड़े पैमाने पर आवासीय कॉलोनियां विकसित हुई हैं। रोजाना हजारों लोग नौकरी, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए इन शहरों के बीच आवाजाही करते हैं। बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के अभाव में अधिकांश लोगों को निजी वाहनों या महंगे निजी परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता है।
सिटी बस सेवा के लाभ
सैनी ने कहा कि सिटी बस सेवा शुरू होने से लोगों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम होगी, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय शहरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होने से व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि तेजी से विकसित हो रहे ट्राइसिटी क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए सिटी बस सेवा को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। उनका कहना है कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है और अब इसे पूरा करने का समय आ गया है।