मोहाली। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में 29 और 30 मई को होने वाले आईपीएल क्रिकेट मैचों के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि क्रिकेट मैच के प्रबंधों में कोई चूक न हो।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पूरी तत्परता से करने के लिए कहा। साथ ही मैचों के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी से सख्ती से निपटने के निर्देश भी दिए। कहा कि यातायात पूरी तरह से सुचारू होना चाहिए और पार्किंग की समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही लोगों को पार्किंग के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों को आते-जाते समय पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि इस मौके पर शांति बनाए रखना मुख्य प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग से संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भोजन की जांच करने तथा मैच स्थल पर मेडिकल टीम तैनात करने को भी कहा ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में मौके पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।