मोहाली के फेज-5 निवासी एक व्यक्ति को लावारिस कुत्तों को पकड़ने की शिकायत करना महंगा पड़ गया। शिकायत ने नाराज होकर तीन लोग शिकायतकर्ता को उसके घर धमकाने पहुंच गए। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। फेज-5 निवासी राजेंद्र सिंह का कहना है कि मंगलवार को वह अपने घर में बैठे थे। इस दौरान तीन युवक उनके घर आए। इनमें से एक केशधारी था। युवकों ने अपना परिचय एक एनजीओ के मेंबर के रूप में दिया था। युवकों ने कहा कि नगर निगम में लावारिस कुत्तों को पकड़ने की शिकायतें देनी बंद कर दो। राजेंद्र ने बताया कि इस बीच तीनों युवक धमकी भरे लहजे में उनसे बहस करने लगे। इस पर उन्होंने अपने पड़ोसियों को बुला लिया और पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। राजेंद्र सिंह के अनुसार उन्होंने तीनों युवकों से एनजीओ का आईकार्ड मांगा, लेकिन उन्होंने नहीं दिखाया। इसके बाद उन्होंने फेज-1 पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।