मोहाली के जीरकपुर में दिनदहाड़े गोलाबारी की घटना हुई है। रविवार दोपहर 12 बजे के करीब बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग की और फरार हो गए। घटना जीरकपुर के होटल जेजे क्राउन के नीचे कार बाजार की है। गोलियां चलने की आवाज सुन वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी है।
आरोपियों ने तीन से चार राउंड फायर किए हैं। कार बाजार में खड़ी गाड़ियों पर गोली चलाकर आरोपी भाग गए। दो कारों पर गोलियां लगी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस घटनास्थल का जायजा ले रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। वहीं जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोल भी मिले हैं।
बताया जा रहा है कि होटल एमएम क्राउन वाले के साथ आरोपियों की रंजिश चल रही है। दरअसल जब होटल का कारिंदा नीचे उतरा तो उस पर बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गोलियां वहां खड़ी एसयूवी 700 और स्विफ्ट कार पर लगी हैं। पुलिस अब होटल मालिक से रंगदारी के एंगल पर जांच कर रही है। गोली चलाने वाला यमुनानगर का नामी बदमाश बताया जा रहा, जिसकी होटल में काम करने वाले से पुरानी रंजिश थी।