एक आरोपी का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद, पुलिस अधिकारी नहीं लगा पा रहे बदमाशों पर लगाम
- फोटो : amar ujala
शहर में एक ऐसा महिला चोर गिरोह सक्रिय हो गया है जो चुपके से घरों में घुसता है। इसके बाद सामान लेकर निकल जाता है। ऐसा ही एक मामला फेज-3बी1 में सामने आया है। महिलाएं घर से पैसों से भरा पर्स, मोबाइल फोन, बैंक ड्राफ्ट व एटीएम कार्ड ले गईं। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पीसीआर पार्टी पहुंची थी। वहीं, घर के मालिक इंद्रजीत सिंह ने इस संबंध में मटौर थाने में शिकायत दी है।
इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वह दूध लेने के लिए मार्केट गए थे। जबकि उनकी पत्नी बाथरूम थी। जब वह वापस आए तो उसकी पत्नी ने कहा कि उसका पर्स गायब है। वहीं, पता चला कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो लड़कियां घर के साथ वाले पार्क में बैठी हुई थीं। इस बीच एक लड़की घर के अंदर घुसी। कुछ ही मिनट बाद वह घर से बैग लेकर बाहर जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक यह युवती उनके घर में आने के बाद बाहर निकली थी। हालांकि उन्होंने इसको नोटिस नहीं किया। इंद्रजीत ने बताया कि पर्स में पांच हजार, डेढ़ लाख के बैंक ड्राफ्ट, एटीएम कार्ड थे। शहर में अपनी तरह पहला मामला है। थाना मटौर पुलिस का कहना है कि उनके पास शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है।