डेराबस्सी में प्रॉपर्टी डीलर से एक करोड़ की लूट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
शुक्रवार को दिनदहाड़े चार हथियारबंद लुटेरों ने चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर एसबीआई बैंक के नजदीक एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में घुसकर गन प्वाइंट पर एक करोड़ रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। डेराबस्सी के साधु नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर हरजीत नागपाल के चिल्लाने पर दफ्तर के बाहर खड़े फल विक्रेता लुटेरों के पीछे भागे और उन्होंने दो लुटेरों को घेर लिया लेकिन अपने बचाव में एक लुटेरे ने एक फल विक्रेता पर गोली दाग दी। गोली लगने से गुलाबगढ़ निवासी 37 वर्षीय मोहम्मद साबिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी हालत को देखते हुए जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
प्रॉपर्टी डीलर हरजीत नागपाल ने बताया कि हाईवे पर उनका प्रॉपर्टी दफ्तर है। गुरुवार को चार युवक एक प्रॉपर्टी की डील के लिए दफ्तर आए थे। उन्होंने इस डील के लिए अपने दफ्तर में एक करोड़ रुपये नकद बैग में रखे हुए थे। शुक्रवार को जब वह दफ्तर पहुंचे तो गन प्वाइंट पर एक करोड़ रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। इन चारों में से दो लुटेरे बैग लेकर मोटरसाइकिल पर भाग गए, जबकि अन्य दो लुटेरे खटीक मोहल्ले की ओर भाग गए।
हरजीत नागपाल के चिल्लाने पर दफ्तर के बाहर खड़े फल विक्रेता लुटेरों के पीछे भागे। फल विक्रेताओं ने खटीक मोहल्ले के पास पैदल जा रहे लुटेरों को घेर लिया। खुद को घिरा हुआ महसूस कर एक लुटेरे ने उसके पीछा करने वाले फल विक्रेता मोहम्मद साबिर पर दो गोलियां चलाईं, जिसके बाद वह भीड़ में से निकलकर भाग गया।
गोली लगने के बाद खून से लथपथ साबिर नीचे गिर गया। उसे राहगीरों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दोनों लुटेरों ने एक राहगीर गोविंदा को पिस्तौल दिखाकर उसका मोटरसाइकिल छीना और उस पर फरार हो गए। यह गोविंदा नाम का मोटरसाइकिल चालक यहां केले खरीदने आया था।
हरजीत नागपाल की शिकायत पर पुलिस ने जीरा निवासी रंजोध सिंह गिल को जीरकपुर में वीआईपी रोड पर स्थित रेलवे विहार सोसायटी के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया है। रंजोध सिंह गिल ने पुलिस को बताया कि चारों लुटेरों को रंजोध सिंह ने उनके पास प्रॉपर्टी की डील करने के लिए भेजा था और वह खुद उनके साथ मोबाइल से संपर्क में था। जबकि रंजोध सिंह गिल ने फोन पर कहा था कि वह दिल्ली जा रहा है और गुमराह करने की कोशिश की थी। जबकि वह अपने फ्लैट में मिला।