मोहाली स्थित इंडस अस्पताल की लेडी डॉक्टर यशुमति के मामले के आरोपी नीतिश कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाईकोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। साथ ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी की तलाश में टीमें छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आठ जून 2015 को संदिग्ध परिस्थितियों में यशुमति की मौत हो गई थी। परिजनों ने उस समय हत्या का संदेह जताया था। उनका आरोप था कि जब उन्हें फेज-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में शव दिखाया गया तो उसके मुंह से खून निकल रहा था। बाजू पर नीले रंग का निशान था। जबकि होठ नीले पड़ गए थे। इसके बाद पुलिस ने विसरा जांच के लिए दो लैबों में भेज दी थी। जबकि पुलिस ने यशुमति की फोन कॉल, व्हाट्सएप डिटेल खंगालना शुरू की थी। हालांकि, आरोपी पर काफी समय तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के गांव सेरला खाबू की रहने वाली डॉ. यशुमति के पिता मोरध्वज शास्त्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पिता बोले बेटी को इंसाफ दिलाकर लूंगा दम
यशुमति के पिता डॉ. मोरध्वज शास्त्री ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को बेटों की तरह पाला था। उन्हें अपनी बेटी से काफी उम्मीदें थीं। लेकिन बेटी की मौत से परिवार की सारी खुशियां खत्म हो गई हैं। अब उनका एक ही लक्ष्य है बेटी को इंसाफ दिलाना।