फेज-2 में शरारती तत्वों ने चंडीगढ़ निवासी एक बिजनेसमैन के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल तोड़ दिया। यह विवाद कमला मार्केंट में खड़ी बिजनेसमैन की कार में झोटा बुग्गी की टक्कर लगने के बाद हुआ। जानकारी के अनुसार, बताया गया है कि मार्केट में खड़ी झोटा बुग्गी एर्टिगा में जा भिड़ी थी, इस वजह से एर्टिगा का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। फिर झोटा बुग्गी वाले ने अपने साथियों को बुलाकर फेज-2 के निकट एर्टिगा के मालिक के साथ मारपीट की और मोबाइल तोड़ दिया। घटना की सूचना के 45 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वालों को काबू कर लिया। एर्टिगा के मालिक विवेक कुमार ने बताया कि पुलिस में मामला जाने के बाद आरोपियों ने नुकसान का खर्चा देकर माफी मांग ली है। पुलिस के अनुसार, दोनों में समझौता होने के कारण कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।