तरंग क्रॉसिंग के पास लड़कियों से छेड़छाड़ होने की शिकायत पर रविवार की रात पुलिस ने अभियान चलाकर चेकिंग की। बिना कारण घूमते मिले लोगों को चेतावनी देकर हटाया। एसएसपी ने कोतवाली और गोरखनाथ पुलिस ने चौराहे पर नियमित चेकिंग करने का निर्देश दिया।
रात 8:30 बजे एसएसपी रामलाल वर्मा, सीओ गोरखनाथ डीएन शुक्ल कोतवाली और गोरखनाथ पुलिस के साथ तरंग क्रॉसिंग पर पहुंचे। संदिग्ध हाल में घूमते मिले बाइक सवार युवकों की तलाशी कराने के साथ ही आने का कारण पूछा। बिना वजह घूमते मिले लोगोें को चेतावनी देकर छोड़ा। सोमवार से उन्होंने गोरखनाथ, कोतवाली थाने से दो - दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाकर तरंग क्रासिंग से लेकर दुर्गाबाड़ी, हुमांयूपुर के बीच घूमने वाले शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
तरंग क्रासिंग के पास रहने वाली समाजसेवी प्रतिमा राय ने रविवार की दोपहर एसएसपी को फोन कर क्षेत्र में शोहदों में आतंक होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि स्कूल, कोचिंग और शनि मंदिर लड़कियों को आते - जाते समय शोहदे छेड़छाड़ करने के साथ ही अभद्र कमेंट करते हैं। दो दिन पहले एक लड़की का हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास किया था। एसएसपी रामलाल वर्मा ने बताया कि शाहदों के पकड़े जाने के बाद उनके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने का निर्देश शहर के सभी थानेदारों को दिया है।