सीटीयू बस ड्राइवर-कंडक्टर पर हमला, कैश बैग और सोने की चेन ले गए
रोड पर जाम के दौरान पहले एक्टिवा सवार बस चालक से उलझा, फिर अपने साथी बुलाकर किया हमला
दो अप्रैल को चंडीगढ़ से खरड़ जाने वाली बस को बनाया गया निशाना
पुलिस ने केस दर्ज शुरू की जांच, अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर
अमर उजालाब्यूरो
मोहाली/खरड़। चंडीगढ़ से खरड़ आने वाले सीटीयू बस के ड्राइवर व कंडक्टर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान दोनों को बुरी तरह से पीटा जिसके बाद आरोपी ड्राइवर की सोने की चेन व कंडक्टर का कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। दोनों घायलों को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है। दोनों घायलों की पहचान संतोष कुमार निवासी मुंडी खरड़ और सोनू निवासी खरड़ के रूप में हुई है।
मौके पर लोगों ने एक्टिवा सवार का नंबर नोट कर लिया था। इसके आधार पर पुलिस ने एक्टिवा सवार के खिलाफ आईपीसी की धारा 353, 186, 332, 341, 379 बी 148 व 149 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्दी ही आरोपी दबोच लिए जाएंगे।
यह घटना 2 अप्रैल की है। सीटीयू बस नंबर 236 का ड्राइवर संतोष कुमार व कंडक्टर सोनू अपनी ड्यूटी पर थे। वह चंडीगढ़ से शाम पांच बजे खरड़ के लिए रवाना हुए थे। करीब 6:15 बजे जैसे ही खरड़ बस स्टैंड पर सवारी उतारने लगे तभी एक एक्टिवा पीबी 65 एएम 2424 सवार आया। वहां पर जाम की स्थिति थी। इस दौरान एक्टिवा सवार ने बस चालक से गाली गलौज करना शुरू कर दिया और ड्राइवर की खिड़की खोल कर उसे मारने की कोशिश की। इस दौरान ड्राइवर ने विरोध किया तो वह वहां से यह कह कर चला गया कि थोड़ी देर रुको अभी आता हूं। तभी ड्राइवर व कंडक्टर सवारी उतार कर अपनी बस को खरड़ बस स्टैंड से थोड़ा आगे यू टर्न पर मोड़ने के लिए ले गए। इस दौरान कंडक्टर बस को मुड़वा रहा था। तो वह एक्टिवा सवार अपने कुछ साथियों के साथ वहां आया। इस दौरान उन्होंने लाठी और डंडों के साथ बीच सड़क में कंडक्टर पर हमला कर दिया। यह देख कर जब ड्राइवर नीचे उतरकर आया तो वे उसको भी मारने लगे। उन दोनों का पीटकर बेहोश कर दिया। इस दौरान बस ड्राइवर की चेन और कंडक्टर का कैश से भरा बैग भी ले गए। यह देखकर वहां पर भीड़ इकट्ठी हो गई । भीड़ में से ही किसी ने 100 नंबर पर फोन किया और ड्राइवर कंडक्टर को खरड़ अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों द्वारा उन दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सेक्टर 16 चंडीगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया। जहां अब उन्हें होश आ गया है। हालांकि अस्पताल से अभी तक उनकी छुट्टी नहीं हो पाई है।
तो फिर मोहाली में नहीं जाएंगी सीटीयू की बसें
दूसरी तरफ सीटीयू मुलाजिमों पर इस तरह खरड़ में हुए हमले के बाद मुलाजिम एसोसिएशन भी उनके हित में उतर आई है क्योंकि खरड़ में यह दूसरा मौका है जब मुलाजिमों पर हमला हुआ है। चंडीगढ़ स्टेट इंटक वाइस प्रेसिडेंट सीटीयू राजवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह मामला गंभीर है। अगर इस तरह से बस चालकों और कंडक्टरों को पंजाब में निशाना बनाया गया तो हम सीटीयू की बसों को मोहाली और साथ लगते इलाकों में नहीं भेजेंगे। उन्होंने पंजाब सरकार से बस स्टाफ की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधक करवाने की मांग की है।