आधी रात कांग्रेस महासचिव की कार को बनाया निशाना
पहले कार पर लगी नेम प्लेट और फिर कार का शीशा तोड़ा
आरोपी बाइक पर सवार होकर आया था, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
थाना फेज-एक पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। फेज-चार में बुधवार आधी रात एक बाइक सवार ने जिला कांग्रेस के महासचिव परमजीत सिंह के घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया। इस दौरान आरोपी ने कार के आगे लगी नेम प्लेट तोड़ी, फिर अगले शीशे को ईंट से तोड़कर वह फरार हो गया। आरोपी ने सारी वारदात को चंद मिनट में अंजाम दिया। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित परमजीत सिंह की शिकायत पर थाना फेज-एक की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित का कहना है कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। वे इलाके में लगातार सक्रिय है। उन्हें संदेह है कि आरोपी उन्हें निशाना बनाने की फिराक में था। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
घटना फेज-चार के मकान नंबर 754 की है। परमजीत सिंह ने बताया कि वे काफी समय से जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं। उन्होंने बुधवार रात को अपनी इंडिका विस्टा कार घर के बाहर खड़ी की थी। जब सुबह वे उठे तो उनके होश उड़ गए क्योंकि उनकी कार के आगे लगी नेम प्लेट टूटी हुई थी। वहीं कार का शीशा भी टूटा था। उन्होंने अपने घर के लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी तो उसमें साफ हो गया कि बाइक सवार आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहचान में नहीं आ रहा है।
आरोपी ने वारदात को ऐसे दिया अंजाम
सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के मुताबिक आरोपी बुधवार रात 1.29 बजे पहले अपनी बाइक पर उनके घर के बाहर आया था। इसके बाद उनकी कार पर लगी नंबर प्लेट तोड़ी थी। इसके बाद वह वहां से चला गया था। साथ ही रात 1.45 बजे आरोपी दोबारा वहां पहुंचा। साथ ही वह टाइल साथ में लेकर आया था। उसने कार का शीशा तोड़ा और वहां से फरार हो गया।
मंत्री को दी सूचना, तुरंत दर्ज हुआ केस
कांग्रेस महासचिव परमजीत सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने तुरंत इस बारे में हलके के विधायक एवं मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू को बताया। इसके बाद उन्होंने इस बारे में एसएसपी को कहा। साथ ही केस दर्ज करने की कार्रवाई की गई। वहीं, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।