कार-ट्रक की टक्कर से चपेट में आया आटो वाला, टांगें टूटीं
कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर मंगलवार की है घटना, मोटरसाइकिल भी हुआ क्षतिग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर एक ट्रक व कार की टक्कर के दौरान आटो वाला चपेट में आ गया। हादसे में उसकी टांगें टूट गईं। आटो चालक की पहचान संतोष प्रसाद के रूप में हुई जिसे गंभीर हालत में सेक्टर 32 चंडीगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे में एक मोटरसाइकिल भी काफी क्षतिग्रस्त हुआ है।
उक्त हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ, जब एक ट्रक बलौंगी साइड से आ रहा था। दूसरी ओर पंजाब नंबर की कार चंडीगढ़ से सोहाना की ओर जा रही थी। कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर जैसे ये दोनों वाहन पहुंचे तो इनमें टक्कर हो गई। इसी दौरान मंडी से वापस आ रहा एक आटो इन दोनों वाहनों की चपेट में आ गया। ट्रक तथा कार चालक का तो बचाव हो गया लेकिन आटो चालक संतोष प्रसाद की टांगें टूट गईं।
मोटरसाइकिल सवार छलांग लगाकर बचाई जान
जिस समय उक्त हादसा हुआ उस समय मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति कहीं जा रहा था। जब उसने एकदम से बेकाबू हुआ ट्रक अपनी ओर आता देखा तो मोटरसाइकिल से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के कारण चालक तो बच गया लेकिन उसका मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वाहनों को पुलिस स्टेशन फेज-8 ले जाया गया जहां पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।