युवक ने मालगाड़ी से कटकर जान दी
सीतापुर। महोली में बुधवार को घर से निकले एक युवक ने बाइक सड़क किनारे खड़ी करके मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। इससे मालगाड़ी से कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खुदकुशी की वजह आर्थिक तंगी बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
महोली के दातारपुर निवासी रामकिशोर (45) पुत्र परशुराम बुधवार को बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद महोली के ही डाडाबाद गांव में रेलवे क्रासिंग के पास बाइक खड़ी कर दी और उधर से गुजरी मालगाड़ी के आगे कूद गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर महोली पुलिस और मृतक के परिवारीजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर बताया जाता है कि रामकिशोर ने 19 फरवरी को अपने बेटे की शादी की थी, जिसमें उसने कुछ लोगों ने उधार पैसे लिए थे।
इसको लेकर वह परेशान था। पैसे न होने की वजह से वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। माना जा रहा है कि इसी वजह से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली है। हालांकि, परिवारीजन कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे थे।
महोली इंस्पेक्टर धर्मप्रकाश शुक्ल ने बताया कि रामकिशोर ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दी है। घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।