- आरोपी को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई
- अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। एक सोची समझी साजिश के तहत बैंक के साथ करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में थाना सिटी में दर्ज एक मामले में नामजद आरोपी व्यक्ति को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर ईओ विंग द्वारा अदालत में पेश किया गया। यहां से कोर्ट ने आरोपी को पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सितंबर 2012 से नवंबर 2013 तक खरड़ के यूको बैंक में तैनात चीफ मैनेजर राजेश खन्ना के साथ मिलीभगत करके जाली दस्तावेजों के आधार पर 28 वाहन फाइनांस करवा कर लोन की सारी रकम एक जाली फर्म के खाते में डालकर उसे गबन करने के बहुचर्चित मामले में ईओ विंग ने किरणवीर सिंह नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति इन दिनों एक इमीग्रेशन से संबंधित ठगी के मामले में जेल में बंद था। यूको बैंक के साथ 3.58 करोड़ की ठगी करने के मामले में ईओ विंग ने मार्च 2017 को खरड़ सिटी थाने में 49 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिनमें किरणवीर सिंह भी शामिल था। इस व्यक्ति द्वारा जाली फर्म खोलकर इस करोड़ों रुपये के गबन को अंजाम दिया गया था। इस संबंधी यूको बैंक चंडीगढ़ के जोनल मैनेजर ए के गलोचा द्वारा डीजीपी पंजाब को शिकायत दी थी कि आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से कार व अन्य वाहनों के लिए लोन अप्लाई किया था और बैंक ने उन द्वारा दिए कागजातों को देख कर उनका लोन मंजूर कर दिया था। दस्तावेजों से संबंधित सारी वैरीफिकेशन राजेश खन्ना की मिलीभगत से पूरी की गई थी, परंतु जब यह लोन केस डिफाल्टर होने लगे तो जांच के दौरान पता लगा कि लोन की सारी रकम एक एक ही तरह के डीलरों के खाते में गई है। इन लोगों द्वारा न केवल जाली दस्तावेज, चंडीगढ़ के आसपास के डीलरों के नाम पर जाली बिल दिए थे। इन द्वारा बिना वाहन खरीदे ही लोन की रकम अपने बताये खातों में डाल कर यह पूरा स्कैंडल किया था। जोनल मैनेजर द्वारा दी गई शिकायत में उक्त मैनेजर को भी पूरा जिम्मेदार बताया गया था जिसके बाद मैनेजर के साथ साथ अजय कुमार, ममता रानी, आनंद गर्ग, मीनाक्षी गर्ग, अनुज सिंह, उषा सिंह, धरमिंदरजीत सिंह, जसविंदर कौर, जतिंदर चंदा, कमला रानी धीमान, विक्रांत, कुलवंत सिंह, मुनीश कुमार, कमलेश, मनोज पाठक, रीतू सेठी, महिंदर सिंह, भूपिंदर कौर, नाजर सिंह, बलजीत कौर, नील कमल, जगवीर, मंजला जगवीर, प्रीतपाल सिंह, रमनदीप कौर, राजन, राजीव कुमार, दीक्षा, अशोक कुमार, राम लाल सिंगला, सुरेखा सिंगला, रमेश कुमार, रीपू दमन, बिंदू दमन, संजय ढिल्लों, रीमा ढिल्लों, सुनील गुप्ता, बबीता गुप्ता, सुशील कुमार, कांता रानी, दलीप शाह, दीपशिखा शाह, संजीव कुमार धीमान, दीपका धीमान, प्रतोश आनंद सिंह, संजय खन्ना, विनोद प्रकाश आदि मोहाली, चंडीगढ़ तथा जीरकपुर के नाम शामिल हैं। पुलिस द्वारा इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।