सीसीटीवी फुटेज से बाइक सवार चार लुटेरों की फोटो जारी
पुलिस ने आरोपियों के नजर आने पर सूचित करने की अपील की
वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर दफ्तर से नकदी और अमेरिकन डॉलर लूट का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़।
गन प्वाइंट पर सन्नी एनक्लेव में वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर दफ्तर से चार लाख 70 हजार की नकदी और 10 हजार अमेरिकन डॉलर लूट मामले में शामिल संदिग्ध चार बाइक सवार लुटेरों की सीसीटीवी फुटेज से फोटो जारी की गई है। इस संबंध में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फोटो में दिख रहे युवकों को कहीं नजर आएं तो इस बारे में तुरंत सूचित करें। ताकि आरोपियों को पुलिस जल्द दबोच सके। डीएसपी खरड़ ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस सक्रिय है और उन्हें उम्मीद है कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सन्नी एनक्लेव मार्केट में शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों पर आए चार नकाबपोश युवकों ने दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर के दफ्तर से चार लाख 70 हजार रुपये नकद और 10 हजार अमेरिकन डॉलर लूटकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद लुटेरे संचालक को आफिस में ही बंद कर गए थे। इसके बाद पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए शनिवार को दिन भर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। काफी फुटेज देखने के बाद मार्केट में चार युवक दो बाइकों पर सवार दिखे, जिसके बाद पुलिस ने फुटेज से फोटो निकाल कर इसे रविवार को जारी कर दिए।
देसूमाजरा के निकट लगे सीसीटीवी में दिखे आरोपी
घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर लौंगिया स्वीट्स देसूमाजरा के निकट लगे एक सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग से सिर्फ इतना पता चल सका कि लुटेरे इस स्थान पर आकर दाईं ओर मां शिमला होम्स की ओर जाने वाली रोड की ओर गए हैं। यह सड़क आगे जाकर 200 फुट चौड़ी एयरपोर्ट रोड में मिल जाती है। लुटेरों ने वारदात के बाद भागने के लिए संभवत: इसी रास्ते को चुना, क्योंकि यह सड़क आगे जाकर लांडरा, बनूड़ और डेराबस्सी की ओर मिलती है।